
रामपुर बुशहर। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने किन्नौर जिले में राहत एवं बचाव कार्य पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को रामपुर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जिले के भीतर राहत एवं बचाव कार्य ढीला चल रहा है। जिले के चगांव में 67 लोग पूरी तरह से बेघर हो गए हैं। इन लोगों को न तो खाना नसीब हो रहा है और न रहने को छत । वहीं, टापरी में अभी कई मकानों में मलबा भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री को जिलेवासियों की चिंता कम, बल्कि चुनाव की अधिक है। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रशासन से टापरी में घरों में घुसे मलबे को हटाने को कहा है। मलबा हटाने का खर्चा वह चुनाव के बाद प्रशासन को देंगे। उन्होंने लोगों की मदद के लिए कुछ स्वयं सेवी संस्थाओं से भी बात की है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस क्षेत्र की ओर गंभीरता दिखानी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।
