सांगला में न दूध न ब्रैड, राशन के डिपो खाली

सांगला (किन्नौर)। मूसलाधार बारिश के बाद हुई तबाही के बाद किन्नौर में अब लोगों को राशन भी नसीब नहीं हो रहा है। जहां बाजार में लोगों को दूध, दही, सब्जी सहित अन्य जरूरत का सामान नहीं मिल पा रहा है, वहीं सरकारी डिपुओं में भी राशन का टोटा चल रहा है। इसके चलते पहले ही बारिश की मार से बेहाल किन्नैार के लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। इधर, लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कम से कम सरकारी डिपुओं में तो हेलिकाप्टर के माध्यम से राशन पहुंचाया जाए। इधर, व्यापार मंडल सांगला के प्रधान पीएल नेगी का कहना है कि व्यापार मंडल ने इसके बारे में सांगला पहुंचे विशेष अधिकारी के अलावा किन्नौर प्रशासन से मांग की है कि किन्नौर के लिए हेलिकाप्टर के माध्यम से खाद्य सामग्री पहुंचाई जाए। गजेंद्र सिंह का कहना है कि उनका दो साल का बच्चा है, लेकिन वह बच्चे को दूध के लिए सांगला बाजार के चक्कर काट रहे हैं लेकिन दूध तक नहीं मिल रहा है। थैमंगारंग के राजेश नेगी कहते हैं कि उन्हें बाजार में भी खाद्य सामग्री कम मिल रही है। वहीं, डिपुओं में भी राशन खत्म है जिससे परेशानियां और बढ़ गई हैं। उप प्रधान ग्राम पंचायत बटसेरी राम लाल नेगी और प्रधान छितकुल मुकेश नेगी और चांसू के प्रधान अनिल नेगी का कहना है कि डिपुओं में राशन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि किन्नौर को देश और दुनिया से कटे एक सप्ताह से अधिक का समय हो गया, जिस कारण अब दुकानों में भी राशन खत्म हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कम से कम सरकारी डिपुओं को तो राशन का कोटा भेजा जाए।
इसके बारे में एसडीएम कल्पा प्रशांत देष्टा एवं जिला पर्यटन अधिकारी का कहना है कि प्रशासन जगह-जगह जाकर लोगों की समस्याओं को सुन रहा है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां राशन नहीं है, राशन मुहैया करवाया जा रहा है।

Related posts