
सांगला (किन्नौर)। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश में महंगाई यूपीए सरकार की गलत नीतियों के कारण बढ़ रही है। आम लोगों का जीवन यापन करना मुश्किल हो रहा है, लेकिन सरकार महंगाई रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। सरकार के मंत्री भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने में व्यस्त हैं। वह जिले के भावानगर में भाजपा प्रत्याशी जयराम के समर्थन में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र ने उत्तराखंड को विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की है, लेकिन हिमाचल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि बिजली प्रोजेक्टों के लिए अवैज्ञानिक तरीके से खुदाई किए जाने से किन्नौर की हालत आज बदतर हो चली है। बारिश से सड़कें टूटी हैं, तो मकान मलबे में दफन हो गए। प्रदेश सरकार राहत एवं बचाव कार्य तेज चलाने के बजाय मूक बनी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह ने पूर्व में सांसद रहते हुए यहां के हितों को संसद में नहीं उठाया। आज लोगों को तरह-तरह के प्रलोभन देकर छला जा रहा है। जनसभा से पहले सांसद टापरी गए और बाढ़ प्रभावितों से मिले। सभा में भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष सुनील ठाकुर, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य चेतन बरागटा, राकेश, सूरत नेगी, राज कुमार नेगी, विनय नेगी, सुनील नेगी, शमशेर नेगी, संज्ञा डोलमा बिष्ट, राम गोपाल नेगी, लीला नेगी, निहाल चारस, हरबंस सायोगी, हरबंस नेगी, बलदेव नेगी, आनंद नेगी आदि शामिल रहे।
