
ताल (हमीरपुर)। राजकीय प्राथमिक स्कूल भरठयाण में भी नौनिहाल खतरे के साये में शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं। स्कूल प्रबंधन ने काफी बार समस्या को विभाग के समक्ष उठाया, लेकिन समाधान नहीं हो पाया। अभिभावकों ने भी शिक्षा विभाग से स्कूल भवन की सुध लेने की मांग की लेकिन कुछ नहीं हुआ। प्राथमिक स्कूल भरठयाण में दो पक्के तथा तीन कच्चे कमरे उपलब्ध हैं। कच्चे कमरों में एक की हालत बिल्कुल खस्ता हो चुकी है और लगभग गिरने की कगार पर है। स्कूल प्रबंधन की मांग के बावजूद कमरे को डिसमेंटल नहीं किया जा सका है। दो अन्य कच्चे कमरे भी खस्ताहाल हैं, जिनमें अभी भी बच्चों की कक्षाएं लगती हैं। स्कूल में 45 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान जैसी राणा, ग्राम पंचायत प्रधान धरोग हंस राज, स्नेहलता, सरोज, शिव कुमार, देशराज, पिंगला देवी, विद्या देवी, रमन कुमार, सुरेश कुमार, कांता देवी, कमलेश कुमार, कृष्ण चंद, उत्तम चंद, अजीत कुमार, संजय कुमार, विजय कुमार, नेक राम, अनुराधा, रंजना, कमलेश का कहना है कि प्राथमिक स्कूल भरठयाण में कमरों की हालत खस्ता है। एक कमरा गिरने की कगार पर है। दो अन्य कच्चे कमरों में भी बच्चों को बिठाया जा रहा है। स्कूल प्रबंधन समिति ने 5 सितंबर 2012 को प्रस्ताव पारित कर विभाग को प्रेषित किया था। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक भूषण मल्होत्रा का कहना है कि स्कूल से प्रस्ताव आया होगा तो उचित कार्रवाई की जाएगी, समस्या को दूर किया जाएगा।
—
कैसी है आपके स्कूल भवन की हालत … हमें बताएं
यदि आपके आसपास स्थित स्कूल भवन की हालत खस्ता है, बच्चों को बैठने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है। बार-बार आग्रह के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है तो हमें बताएं, हम आपकी समस्या को बेहतर ढंग से विभाग के समक्ष उठाएंगे। सरकारी स्कूलों में सुविधाओं को लेकर आप हमें अपनी प्रतिक्रिया भी भेज सकते हैं। विभाग को सुझाव भी दिए जा सकते हैं, आप हमें निम्न नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
कार्यालय दूरभाष….01972-221540, फैक्स…..01972-221720
