
सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर पंचायत समिति में अविश्वास प्रस्ताव का मामला अभी समाप्त नहीं हुआ है। निदेशालय से निर्देश मिलने के पश्चात विभाग फिर सक्रिय हो गया है, तथा आने वाले दिनों में अविश्वास प्रस्ताव पर फैसले के लिए जल्द ही पुन: बैठक बुलाए जाने की संभावना है। बैठक की तिथि जिला पंचायत अधिकारी की ओर से तय की जानी है। भाजपा समर्थकों तथा विधायक समर्थकों में खींचतान का दौर एक बार फिर से शुरू होगा। पंचायत समिति सुजानपुर में दस सदस्यों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इसके पश्चात प्रस्ताव पर निर्णय के लिए बैठक बुलाई गई थी। बैठक की अध्यक्षता पंस उपाध्यक्ष ने करनी थी, लेकिन वह स्वयं ही नहीं पहुंची थी और बैठक स्थगित करनी पड़ी थी। विभाग ने मामला निदेशालय को प्रेषित किया था। विभागीय सूत्रों की मानें तो अब निदेशालय ने पंचायत समिति को अविश्वास प्रस्ताव का मामला जिला पंचायत अधिकारी को प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं। पंचायत अधिकारी को रिपोर्ट मिलने के पश्चात 15 दिनों के अंदर फिर से बैठक बुलाई जाएगी और अविश्वास प्रस्ताव पर फैसला होगा। बैठक जिला पंचायत अधिकारी स्वयं या फिर अपने प्रतिनिधि की देखरेख में करवा सकते हैं। पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा है तथा पूर्व में बैठक न हो पाने के कारण भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी काफी खुश थे। खंड विकास अधिकारी एवं पंचायत समिति कार्यकारी अधिकारी रेखा कुमारी ने निदेशालय से पत्र मिलने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि मामले पर अधिक जानकारी जिला पंचायत अधिकारी ही दे सकते हैं।
