मनाली और रोहतांग में नहीं लगेगा जाम

मनाली। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली और रोहतांग में पर्यटकों को जाम से निजात दिलाने के लिए मनाली पुलिस ने कमर कस ली है। मनाली पुलिस ने जाम लगने वाले स्थलों को चिह्नित कर वहां पर पुलिस कर्मचारी तैनात कर पर्यटकों को राहत पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। वीरवार को मनाली शहर और रोहतांग की ओर जाने वाले पर्यटकों को जाम का सामना नहीं करना पड़ा। जानकारी के अनुसार इन दिनों मनाली में हजारों पर्यटक आ रहे हैं। पर्यटकों को मनाली और रोहतांग में घंटों जाम की समस्या से परेशान होना पड़ता है।
जाम की समस्या से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को निजात दिलाने के लिए मनाली पुलिस ने स्थान चिह्नित कर वहां पर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती कर दी है। मनाली और रोहतांग में पुलिस ने करीब 60 कर्मचारी तैनात किए हैं। डीएसपी मनाली शमशेर सिंह ने बताया कि जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। वीरवार को मनाली और रोहतांग में हजारों वाहनों की आवाजाही रही लेकिन पुलिस ने कहीं पर भी जाम की नौबत नहीं आने दी। इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। मनाली शहर में जाम न लगे इसके लिए शहर में करीब 40 कर्मचारी को तैनात किए हैं। डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि मनाली-लेह मार्ग पर घंटों लग रहे जाम से निपटने के लिए भी कोठी से रोहतांग तक पुलिस के जवान तैनात किए हैं। इनमें दो एएसआई, दो हवलदार और 40 सिपाही हैं। डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि अब मनाली और रोहतांग में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से परेशान नहीं होना पड़ेगा।

Related posts