
गगरेट (ऊना)। विकास खंड गगरेट के टटेहड़ा गांव में पुत्र द्वारा बेरहमी से पिटाई के बाद पिता ने दम तोड़ दिया। छह जून 2013 को इस कलयुगी बेटे ने अपने पिता की बुरी तरह से धुनाई की थी। पिटाई के 13 दिन बाद उपचाराधीन बुजुर्ग की मौत हो गई। हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन मामला गर्माने के बाद अब पुलिस मृतक का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवा रही है। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व टटेहड़ा गांव के एक व्यक्ति ने अपने पिता को बुरी तरह पीटा था। पिटाई करने वाले युवक का नाम तरसेम बताया जा रहा है, जबकि मृतक बुजुर्ग का नाम नानक चंद है। पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन बुजुर्ग का बेटा अपनी पत्नी को पीट रहा था। बुजुर्ग अपनी बहू को बेटे के चंगुल से छुड़ाने गया था। इस दौरान युवक ने अपने पिता की भी बेहरमी से पिटाई कर डाली। घटना के बाद पुलिस ने बुुजुर्ग की शिकायत पर उसके पुत्र के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था। पुत्र ने पिता के सिर पर किसी औजार से वार कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया था। इसके चलते उसे इलाज के लिए गगरेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पिता का आरोप था कि पुत्र की ओर से की गई पिटाई में उसे कई गंभीर चोटें आई हैं। बुरी तरह से घायल अवस्था में उसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गगरेट में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया था, जहां से उसे डिस्चार्ज कर दिया गया था, लेकिन बुधवार को उसकी मौत हो गई। मृतक मेहनत मजदूरी करता था। मृतक के परिजनों ने उसकी मौत का कारण मारपीट में आई चोटें बताते हुए इस मामले में पुलिस पर भी कड़ी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। इस पर अब पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। डीएसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
