आईटीआई में शुरू नहीं हुए नए ट्रेड

दलाश (कुल्लू)। आईटीआई दलाश में नए ट्रेड शुरू करने के विधायक के दावे कोरे साबित हुए। उन्होंने यहां इस सत्र से कंप्यूटर और सिलाई कढ़ाई ट्रेड शुरू करने का दावा किया था। लेकिन, नए सत्र के एडमिशन प्रोस्पेक्टस में इसका कोई उल्लेख नहीं है। इससे युवाओं के सपनों पर पानी फिर गया है।
दलाश आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर तथा इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड चलाए जा रहे हैं। विधायक बनने के बाद खूबराम ने यहां इस सत्र से कंप्यूटर और सिलाई कढ़ाई ट्रेड शुरू करने की बात कही थी। इन दिनों दलाश आईटीआई में नए सत्र में प्रवेश के लिए प्रोस्पेक्टस बेचे जा रहे हैं। इसमें नए ट्रेड का कोई जिक्र नहीं किया गया है। एडमिशन केवल पहले से मौजूद तीन ट्रेड के लिए ही होगी। दलाश आईटीआई प्रभारी जनक भंडारी ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि लोग लड़कियों के लिए कटिंग तथा टेलरिंग के लिए प्रोस्पेक्टस मांग रहे हैं, लेकिन ये ट्रेड न होने से लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। रचोली आईटीआई के प्रधानाचार्य राकेश कपूर ने कहा कि विभाग से दलाश में नए ट्रेड शुरू करने को लेकर कोई आदेश नहीं आए हैं। इस बाबत जब विधायक खूबराम से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह इस मामले में आईटीआई निदेशक से बात करेंगे।

Related posts