
मुक्तसर: पंजाब राज उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी यूनियन द्वारा लिए गए फैसले के अनुसार जिला श्री मुक्तसर साहिब के उपायुक्त कार्यालय, एस.डी.एम. कार्यालयों, तहसीलों एवं सब-तहसीलों के मिनिस्टीरियल कर्मचारी अपनी जायज मांगों को मानने के बाद भी लागू न करने के रोष स्वरूप आज से 2 दिवसीय कलम छोड़ हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने काले बिल्ले लगाकर नारेबाजी करते हुए सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर कर उपायुक्त कार्यालय में एक रोष रैली की जिसमें जिला श्री मुक्तसर साहिब, मलोट एवं गिद्ददड़बाहा के कर्मचारी भी शामिल हुए।
रैली को संबोधित करते हुए यूनियन के जिलाध्यक्ष नछत्तर सिंह, वरिन्द्र ढोसीवाल महासचिव के अतिरिक्त जसपाल सिंह बजाज, राजेन्द्र सिंह बुट्टर, अवतार सिंह मठाड़ू, हरजिन्द्र सिंह स्टैनो, भूपिन्द्र सिंह बंटी, धनसी राम गिद्दड़बाहा, रूसिंद्र सिंह मलोट, नसीब कौर सीनियर सहायक एवं गुरदीप कौर ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार मार्च महीने में कर्मचारियों की 5 मांगें मानने के बावजूद इसके नोटिफिकेशन/आदेश जारी करने से मुकर रही है, जिस कारण कर्मचारियों को फिर से संघर्ष के रास्ते पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
यूनियन ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने मांगों के नोटिफिकेशन जारी न किए तो 23 जून को यूनियन की संगरूर में मनाई जा रही वर्षगांठ के अवसर पर सख्त संघर्ष तय किया जाएगा एवं कर्मचारी तब तक कार्य पर वापस नहीं जाएंगे जब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जाता। उल्लेखनीय है कि मिनिस्टीरियल कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पूरे जिले में कोई भी कार्य नहीं हुआ और न ही कोई रजिस्ट्री आदि हुई जिस कारण लोगों को निराश होकर अपने घरों को लौटना पड़ा।
डी.सी. दफ्तर कर्मचारी एसो. फरीदकोट द्वारा राज्य कमेटी के लिए फै सले अनुसार फरीदकोट में काले बिल्ले लगाकर मुकम्मल कलम छोड़ हड़ताल की गई जोकि 3 दिन जारी रहेगी। सादिक की सब-तहसील में नायब-तहसीलदार रजिन्द्रपाल सिंह द्वारा अपने स्तर पर पटवारियों को साथ लेकर काम चलाने का प्रयास किया जा रहा है तो इसकी सूचना मिलते ही जिला यूनिट सादिक की सब-तहसील में राज्य महासचिव व जिला प्रधान गुरनाम सिंह विर्क के नेतृत्व में जिला महासचिव बलवीर सिंह, कानूनी सलाहकार प्रवीण सच्चर, नंद किशोर, भूपिन्द्र सिंह उप-प्रधान, धरमिन्द्र सिंह, जसबीर सिंह खारा, मंगू बांसल, परमिन्द्र सिंह स्टैनो व गुरविन्द्र सिंह वरिष्ठ उप-प्रधान द्वारा नायब-तहसीलदार के अडिय़ल व्यवहार के खिलाफ नारेबाजी की।
उक्त नेताओं ने कहा कि जब तक मानी मांगें लागू नहीं की जातीं तब तक संघर्ष जारी रहेगा। इस संबंधी राज्य स्तरीय कन्वैंशन 23 जून को संगरूर में की जा रही है जिसमें अगले संघर्ष की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस संबंधी जब नायब-तहसीलदार रजिन्द्रपाल सिंह से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि डिप्टी कमिश्नर फरीदकोट की हिदायतों पर चुनाव की निश्चित की तारीख को ध्यान में रखते हुए व लोगों की परेशानी को समझते हुए जाति सर्टीफिकेट, रिहायशी व जनरल सर्टीफिकेट ही बनाए जा रहे हैं व कोई रजिस्ट्री आदि नहीं की जा रही है। इसी तरह फरीदकोट, कोटकपूरा व जैतो में भी काम चल रहा है।
