
नादौन (हमीरपुर)। निकटवर्ती सुधंगल गांव में शराब के ठेके के बाहर एक व्यक्ति के सिर पर बोतल फोड़ दी। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए नादौन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बोतल किसने क्यों मारी, प्रश्नों का जवाब नहीं मिल पा रहा है। घायल व्यक्ति के बोलने पर रक्त बहना शुरू हो जा रहा है जिस कारण तस्वीर साफ नहीं हो पा रही।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद कुमार (35) पुत्र निक्का राम निवासी गांव कुन्ना ने बताया कि वह सुधंगल बाजार में कपड़े सिलाई की दुकान बंद करके मंगलवार देर शाम घर जा रहा था। दुकान से लोगों के सिलाई किए कपड़े तथा कैंची थैले में थी। वह शराब के ठेके के पास पहुंचा तो एक रिश्तेदार ने वहां स्थित कुछ लोगों के साथ बिना किसी कारण लड़ाई शुरू कर दी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने विनोद कुमार के सिर पर शराब की बोतल दे मारी।
विनोद के सिर, गर्दन तथा गले पर गहरे घाव आए हैं। मारपीट में रविंद्र कुमार के हाथ पर भी चोट आई है। घायल विनोद कुमार के भाई सुरेश कुमार ने बताया कि किसी ने फोन पर सूचित किया कि उसका भाई खून से लथपथ ठेके के बाहर पड़ा है। सूचना ज्वालामुखी पुलिस के साथ-साथ 108 नंबर पर दी गई और विनोद को नादौन अस्पताल लेे जाया गया। डा. बीएस राणा ने बताया कि विनोद कुमार का उपचार चल रहा है। ज्वालामुखी पुलिस के जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मामला दर्ज करके आरोपियों को पकड़ने का प्रयास जारी है।
