भाजपा नेताओं की जुबां पर मेरा ही नाम : महेश्वर

बजौरा (कुल्लू)। हिलोपा प्रमुख महेश्वर सिंह ने कहा कि आज लोकसभा चुनाव में भाजपा के हर नेता की जबान पर सिर्फ मेरा ही नाम है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा फोन टैंपिंग के मुद्दे से इंकार कर रही है लेकिन भाजपा के नेताओं को अपने ही कई विधायकों और मंत्रियों पर विश्वास नहीं था। भाजपा के नेता यह बताए कि प्रत्याशी जयराम ठाकुर का फोन टेप किसने करवाया था। महेश्वर बुधवार को हिलोपा के बंजार मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
शांता कुमार के बयान पर महेश्वर सिंह ने कहा कि अगर घर के बड़े ही बाथरूम की जगह पूरे घर को गंदा करने लगे तो उस घर को छोड़ देना ही समझदारी है। कहा कि भाजपा के कुछ नेता उन पर जड़ी बूटी का तस्कर होने का भी आरोप लगा रहे हैं लेकिन अगर उन भाजपा नेताओं में दम है तो वे सारे तथ्यों के साथ उन पर आरोप लगाए। सम्मेलन में हिलोपा प्रदेशाध्यक्ष महेश्वर सिंह, मंडी जिला के अध्यक्ष यशोदानंद वजीर, द्रंग अध्यक्ष ज्ञान ठाकुर, बंजार मंडल के अध्यक्ष तेजा सिंह ठाकुर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कपिल ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने भाग लिया।

भाजपा ने नहीं किया विकास : पप्पा
कुल्लू। भारतीय जनता पार्टी ने पांच साल के कार्यकाल में प्रदेश में कोई भी नया विकास कार्य नहीं किया है। यह बात कांग्रेस महासचिव एवं प्रवक्ता चांद पप्पा ने कही। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र में भाजपा सरकार ने पांच साल के कार्यकाल में विकास के कोई भी नए कार्य नहीं किए हैं, बल्कि कांग्रेस द्वारा जिन कार्यों का शिलान्यास किया गया था उनका ही उद्घाटन करते रहे। चांद पप्पा ने कहा कि कुल्लू, मंडी और अन्य क्षेत्रों में पर्यटन के नए अवसर खोजें जा सकते थे लेकिन भाजपा के नेताओं को जमीनें खरीदने के सिवाय कोई और कार्य नहीं सूझा।

Related posts