कुल्लू के पलम की दिल्ली में दस्तक

खराहल (कुल्लू)। आजादपुर मंडी दिल्ली में कुल्लू के पलम ने दस्तक दे दी है। पलम की सेंटारोजा किस्म और रेडव्यूट वैरायटी मंडियों में पहुंच चुकी है। पहले दिन पलम का ए श्रेणी का पांच किलो का डब्बा दो सौ से ढाई सौ रुपये में बिका। जिला कुल्लू के लोअर बेल्ट में पलम का उत्पादन बडे़ पैमाने पर होता है। यही नहीं हजारों परिवार पलम की बागवानी से भी जुड़े हैं।
अभी पलम का सीजन शुरुआती दौर में है। मंडी में शुरुआती दौर में आने वाले ट्रकों की तादाद भी कम है। कुल्लू के लोअर बेल्ट में पलम की फसल तैयार है। पलम गत वर्ष की अपेक्षाकृत इस बार अधिक है। अधिकतर पलमों के बगीचों की खरीद फरोख्त उत्तर प्रदेश के व्यापारियों ने कर रखी है। हालिया बारिश से पलम का आकार और गुणवत्ता भी उमदा किस्म की है।
नेऊली के बागवान निशु महंत, घराकड़ के बागवान चमन ठाकुर, बराधा के बागवान मोहर सिंह, ज्वाणी के बागवान लाल चंद और गाहर के बागवान सुरेश कुमार ने कहा कि कुल्लू के लोअर बेल्ट में पलम में पूरा रंग और आकार बेहतर है। बागवानों ने पलम को दिल्ली तथा अन्य मंडियों में भेजना आरंभ कर दिया है।
फलोत्पादक मंडल के अध्यक्ष महेंद्र उपाध्याय और कार्यकारिणी सदस्य अरुण ठाकुर ने बताया कि लेाअर बेल्ट में पलम तैयार हो चुका है। इसको भेजने के लिए बागवानों ने पूरी तैयार कर ली है। बागवानों ने अपने उत्पादों को दिल्ली और अन्य मंडियों में भेजना शुरू कर दिया है। दिल्ली सब्जी सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान पवन कुमार छावड़ा ने कहा कि सेंटारोजा की पहली खेप दिल्ली पहुंच चुकी है। अभी ए श्रेणी पलम का पांच किलो का डब्बा दो सौ से ढाई सौ रुपये में बिक रहा है।

Related posts