
पंजावर (ऊना)। ईसपुर के झांगड़ और घाड़ा मोहल्ले में कई दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। इससे क्षेत्र में पीने के पानी के लिए हाहाकार मच गया है। लोग पानी के लिए मारे मारे फिर रहे हैं। विभाग द्वारा लगाए गए नलों में पानी की बूंद तक नहीं टपक रही है। लोगों का कहना है कि इस संदर्भ में कई बार विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों ने चेताया है कि यदि दो दिन के भीतर पेयजल आपूर्ति को सुचारू नहीं किया गया तो वे खाली मटकों के साथ विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतर आएंगे। उधर पंडोगा क्षेत्र में भी पानी न आने से लोग परेशान हैं। औद्योगिक क्षेत्र में भी पेयजल संकट गहरा गया है। गांव ईसपुर से सुदेश कुमारी, सुखबिंदर, स्वरूप कुमार, शौंकी, जीत, दर्शन सिंह, दीदार सिंह, लेख राज, चमन सिंह, देव, जसवंत, मोहिंद्र, अरविंद, दीवान चंद, दीपू, शीला देवी, संतोष, रानो, मैहर सिंह, मोहिंद्र सिंह, शेर सिंह, ओंकार सिंह, रिंकू, स्वर्ण सिंह, पवन, सुरिंद्र पाल, सुखदेव सिंह, निरंजन सिंह, चनण सिंह, पवन कु मार व भूरा सिंह आदि ने बताया कि कई दिन से घरों में पानी न आने की वजह से उनका जीना मुश्किल हो गया है। उन्हें पीने के पानी के लिए घरों से काफी दूर जाना पड़ रहा है। कई लोग निजी वाहनों में पानी के मटके ला रहे हैं। कुछ लोग अपने स्तर पर टैंकरों में पानी ला रहे हैं। इन लोगों ने कहा कि यदि विभाग ने दो दिन के भीतर समस्या का हल नहीं किया तो वे खाली मटकों के साथ सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उधर, आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता एसके आनंद ने कहा कि लोगों की समस्या उनके ध्यान में है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जल्द ही पेयजल आपूर्ति को बहाल करवा दिया जाएगा।
