मोटरसाइकिल और कार की टक्कर में एक जख्मी

भरर्वाइं (ऊना)। भरवाईं-मुबारिकपुर रोड पर किन्नू के पास बुधवार को एक मोटरसाइकिल और कार की आपस में टक्कर हो गई। इसमें मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चिंतपूर्णी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार किन्नू के पास लुधियाना के श्रद्धालु अपनी कार से लुधियाना जा रहे थे। वहीं दूसरी तरफ मोटरसाइकिल सवार विपरीत दिशा से आ रहा था। इस दौरान मोटरसाइकिल और कार में भिड़ंत हो गई। मोटरसाइकिल सवार को काफी चोटें आईं। भरवाईं के प्राइवेट क्लीनिक में उसका उपचार करवाया गया। ट्रैफिक इंचार्ज सूरज प्रकाश ने बताया कि 108 एंबुलेंस के घटनास्थल पर न पहुंचने के कारण दुर्घटना में घायल हुए युवक को भरवाईं ले जाया गया। युवक का नाम रोहित कुमार पुत्र अश्वनी कुमार निवासी कडोआ है। घायल की टांगाें में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। इस कारण उसे होशियारपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उधर, 108 एबुलेंस के इंचार्ज एवं नियंत्रण कक्ष सोलन में बात की गई तो उनका कहना था कि कुछ समय के लिए 108 एंबुलेंस घटनास्थल पर जाते हुए खराब हो गई थी, लेकिन फोन पर ही अंब से 108 एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजने के लिए कहा गया था, लेकिन घायल युवक के साथ आए लोगों ने खुद गाड़ी का प्रबंध करके उसे चिकित्सक के पास पहुंचाया। घायल के साथ आए लोगों ने बाद में खुद ही एंबुलेंस भेजने से इंकार किया था।

Related posts