
कुल्लू। कांग्रेस और भाजपा ने मंडी संसदीय उपचुनाव को अपनी झोली में डालने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टियों के फ्रंटल समूह भी चुनाव प्रचार में कूद गए हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम कुल्लू की भारतीय मजदूर संघ इकाई के करीब एक दर्जन पदाधिकारियों ने बीएमएस से नाता तोड़कर कर्मचारी महासंघ इंटक का दामन थाम लिया है।
बीएमएस के उपप्रधान नरेश कुमार चालक, सदस्य तारा चंद चालक, दलीप कुमार चालक, केवल कुमार परिचालक, लीला विलास चालक, जगदीश चंद्र, दुनी चंद चालक, रणजीत कुमार खेपन लिपिक और कृपाल सिंह कनिष्ठ सहायक सहित बीएमएस के कई सदस्यों ने इंटक ज्वाइन की है। मंडी संसदीय उपचुनाव की सरगर्मियों के बीच भारतीय जनता पार्टी के फ्रंटल समूह भारतीय मजदूर संघ की कुल्लू इकाई दो फाड़ हो गई है।
उपरोक्त सदस्यों ने महासंघ इंटक की नीतियों पर विश्वास करते हुए बीएमएस का दामन छोड़ कर इंटक का साथ दिया है। महासंघ इंटक के प्रदेशाध्यक्ष उमेश कुमार, कुल्लू इकाई के प्रधान मोहिंद्र सिंह, महासचिव टेकचंद कटोच ने इन सदस्यों का इंटक में जोरदार स्वागत किया है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इंटक का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। कर्मचारी महासंघ कर्मचारी हितों के लिए सरकार से लगातार संपर्क में है। उन्होंने बताया कि परिवहन निगम कर्मचारियों की समस्याओं के निदान के लिए इंटक हमेशा आगे रहा है। बीएमएस के अध्यक्ष खेम सिंह वर्मा तथा जिला भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री राम लाल ठाकुर ने नरेश कुमार के इंटक में जाने की बात कही है। कहा कि अन्य कोई भी सदस्य इंटक में नहीं गए है, बीएमएस जिला में एकजुट है।
