
ऊना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव कोटलाकलां में बुधवार को दिनदिहाड़े हुई लूटपाट से दहशत का माहौल है। अज्ञात युवक महिला के कान से सोने की बालियां छीनकर ले गए। वारदात के दौरान 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला खेत में घास काट रही थी। दिन-दिहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से लोग सकते में हैं। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान तेज कर दिया है। हालांकि अज्ञात आरोपी युवकों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस के अनुसार कोटलाकलां निवासी 81 वर्षीय राम प्यारी मंगलवार सुबह खेतों में घास काट रही थी। इस दौरान दो युवकों ने उसे पीछे से पकड़ा और कानों से बालियां उतार लीं। जब तक बुजुर्ग महिला कुछ समझ पाती, तब तक आरोपी सोने की बालियां लेकर फुर्र हो गए। इसके बाद महिला ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। तब तक काफी देर हो चुकी थी। राम प्यारी ने पुलिस को बताया कि जब वह सुबह खेतों की ओर जा रही थीं, उस दौरान सड़क किनारे दो युवक भांग के पौधों से चरस की मलाई में लगे थे, लेकिन वह चुपचाप वहां से निकल गईं। चरस मलाई में लगे दोनों युवकों की उम्र 22 से 24 वर्ष के करीब है। पुलिस ने बुजुर्ग महिला के बयान दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि अज्ञात युवकों की धरपकड़ को अभियान छेड़ दिया गया है।
