
ऊना। गगरेट क्षेत्र की एक महिला के अपहरण के कथित आरोपों से घिरे पूर्व विधायक एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के वर्तमान अध्यक्ष बलवीर सिंह को पुलिस थाना तलब करेगी। बलवीर सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज हुआ है। बलवीर सिंह पिछली बार गगरेट से भाजपा के विधायक रहे हैं। अबकी बार उन्होंने आरक्षित चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और कांग्रेस के कुलदीप कुमार से चुनाव हारे। बताया जा रहा है कि इन दिनों बलवीर सिंह मंडी उपचुनाव में भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार में डटे हैं। पुलिस का कहना है कि अपहरण मामले की जांच जारी है। बलवीर सिंह को जल्द ही पूछताछ के लिए थाना बुलाया जा सकता है। अंब के रायपुर मरवाड़ी निवासी ओम प्रकाश की शिकायत पर पुलिस ने मक्खन सिंह पुत्र रूलिया राम निवासी तलमेहड़ा, पूर्व विधायक बलवीर सिंह, जीवन सिंह, रमेश, सतपाल निवासी रायपुर मरवाड़ी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि रूलिया राम 2011 में ओम प्रकाश के संपर्क में आया। आरोपी ने खुद को एक विधायक का करीबी रिश्तेदार बताया। उसने झांसा दिया कि वह ओम प्रकाश की पत्नी को अपने रिश्तेदार के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र में नौकरी दिलाएगा। नौकरी दिलाने के बहाने उसने ओम प्रकाश की पत्नी को दो सितंबर 2011 को अंब बुलाया। उस दिन से ही ओम प्रकाश की पत्नी गायब है और मोबाइल भी बंद हो गया। महिला की तलाश में पुलिस की एक टीम ने करीब दो माह पूर्व पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में भी दबिश दी थी, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लगा। ऊना पुलिस ने पूरे प्रकरण के संदर्भ में पंजाब पुलिस को भी सूचित कर रखा है। एडिशनल एसपी विरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस महिला का भी सुराग लगा रही है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर पूर्व विधायक समेत अन्य आरोपियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
