अमंगल: मनाली में पिकअप खाई में गिरी, 11 की मौत

कुल्लू/पतलीकूहल(पाल/संदीप): जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर नग्गर के पास एक जीप के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए।

घायलों को कुल्लू अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को सायं लगभग 4 बजे जीप (नं. एच.पी.66-0722) नशाला से नथान गांव की ओर जा रही थी, तो रास्ते में कुछ महिलाओं ने जीप चालक से लिफ्ट मांगी।

इस पर जीप चालक ने उन सभी महिलाओं को अपनी जीप में बिठा लिया लेकिन गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही एक नाले के पास जीप चालक जीप से अपना नियंत्रण खो बैठा और जीप गहरी खाई में जा गिरी।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पतलीकूहल थाना के पुलिस कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को निकालने का काम शुरू किया।

पुलिस के मुताबिक 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जिनमें ज्यादातर लिफ्ट लेने वाली महिलाएं शामिल हैं। डी.एस.पी. मनाली ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवहन मंत्री जी.एस. बाली, मनाली के विधायक गोबिंद ठाकुर, कुल्लू के एस.डी.एम. विनय सिंह ठाकुर तथा मनाली कांग्रेस के अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़ भी मौके पर पहुंच गए थे। शवों का पोस्टमार्टम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नग्गर में करवाकर इन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है।

मृतकों के परिजनों को प्रशासन की ओर से फौरी राहत के तौर पर 10-10 हजार और घायलों को 5-5 हजार की आर्थिक सहायता राशि दी गई है। जिलाधीश शरभ नेगी ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को राहत मैनुअल के अनुसार राहत प्रदान की जाएगी।

इस हादसे पर बंजार के विधायक कर्ण सिंह, कुल्लू के विधायक महेश्वर सिंह, पूर्व बागवानी मंत्री सत्यप्रकाश ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा व मनाली विकास मंच के अध्यक्ष धर्मवीर धामी आदि ने गहरा शोक प्रकट किया। मरने वालों में सभी महिलाएं नथान गांव की रहने वाली हैं जबकि चालक नग्गर का रहने वाला है।

मरने वालों की सूची:
1 नीमो देवी (50) पत्नी बालक राम
2 मोहिनी देवी (45) पत्नी बाला राम
3 कुशमलता (25) पुत्री लुदर मणि
4 देवींद्रा देवी (25) पत्नी दलीप कुमार
5 कमला (24) पत्नी चांद किशोर
6 राधिका (6) पुत्री चांद किशोर
7 डोलमा (35) पत्नी पारु राम
8 हीरा लाल (40) पुत्र शुक्रू राम वाहन चालक
9 निर्मला देवी (34) पत्नी लोत राम
10 कमला देवी (26) पत्नी हेम राज
11 बेशरु देवी पत्नी डीणे राम

घायलों की सूची: फागली देवी पत्नी मनी राम, टेक राम पुत्र कालू राम, मनी राम पुत्र कर्म चंद, लोत राम पुत्र कर्म चंद, इज्जतु देवी पत्नी किशन चंद तथा टिक्कम राम पुत्र मणि राम शामिल हैं। ये सभी नथान गांव के आसपास रहने वाले हैं।

Related posts