हमीरपुर में रूसा के खिलाफ एसएफआई भड़की

हमीरपुर। कालेजों में लागू की जा रही रूसा प्रणाली के खिलाफ छात्र संगठनों ने मुखर होना शुरू कर दिया है। एसएफआई कार्यकर्ताओं ने सोमवार को हमीरपुर कालेज में विरोध प्रदर्शन किया तथा कालेजों में लागू की जा रही नई व्यवस्था पर रोष जताया। बिना तैयारी के प्रणाली को लागू किया जा रहा है जिसका किसी को कोई अता पता नहीं है।
एसएफआई के जिला सचिव जसवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश भर के कालेजों में एसएफआई के आह्वान पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। सरकार की नीतियों के कारण आम छात्र उच्च शिक्षा से दूर होता जा रहा है। प्रदेश के कालेजों में बिना तैयारी के छात्रों को प्रयोग में झोंका जा रहा है। रूसा प्रणाली के तहत पाठ्यक्रम तय नहीं हो पाया है। विवि प्रबंधन वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम तय समय में नहीं निकाल पा रहा, ऐसे में छह माह में परीक्षाएं आयोजित करना तथा परिणाम घोषित कैसे हो पाएगा।
विवि प्रबंधन की कोई तैयारी नहीं, केवल छात्रों को परेशान होना पड़ेगा। एसएफआई प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय के कुलपति एडीएन वाजपेयी के खिलाफ पूरे प्रदेश में मोर्चा खोलेगी। प्रदेश के 90 फीसदी छात्र गरीब परिवारों से संबंध रखते हैं। ऐसे में रूसा प्रणाली के तहत छात्र शिक्षा से दूर हो जाएंगे। एसएफआई ने पुरजोर मांग की कि रूसा प्रणाली को तुरंत प्रभाव से वापिस लिया जाए जिससे समाज के सभी वर्गों को समान शिक्षा मिल सके। धरना प्रदर्शन में चंदन, गौरव ठाकुर, राहुल, कपिल देव, विकास, हरीश, अंकित, संजीव, अंजना, बबिता, ज्योति, आरती, अभिषेक, कृष्ण और अनुज आदि ने भाग लिया।

Related posts