
बड़ा/नादौन (हमीरपुर)। पुलिस थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत बड़ा कस्बे में शरारती तत्वों ने एक दर्जन गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। शरारती तत्व करीब दो घंटे तक हुड़दंग मचाते रहे। करीब सात किमी तक सड़क मार्ग के किनारे हुड़दंगियों को जो भी वाहन खड़ा मिला, उन्होंने उसे क्षतिग्रस्त करने से नहीं छोड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों में बड़ा गांव निवासी सुभाष चंद, रीता देवी, लश्करी राम आदि का कहना है कि रविवार रात करीब 12 बजे वह शिमला से वापस घर लौटे। जैसे ही वे खाना खाने लगे तो बाहर खड़ी गाड़ी के शीशे के टूटने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब घर से बाहर निकले तो एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक और स्कूटर पर दो युवक भागे। उन्होंने काफी दूरी तक युवकों का पीछा भी किया लेकिन शातिर भागने में कामयाब रहे। घटना की सूचना उन्होंने निकटवर्ती गांवों के युवकों को भी दी। इसके बाद सड़क पर नाकाबंदी की लेकिन इसके बावजूद शातिर भागने में कामयाब रहे।
हुड़दंगियों ने लाहड़ गांव के पास खड़े एक ट्रक, मैटाडोर के शीशे तोड़ डाले। इसके साथ ही कार नंबर डीएल-4सीएस-4350 के शीशे तोड़ दिए। रंगस के पास सड़क किनारे खड़ी निजी बस नंबर एचपी55-6190 को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा चमराल, जरियाल, सरहूं, नैहड़ आदि गांवों में राजेंद्र कुमार की जीप नंबर एचपी01-एच-1373, कमलदीप की वैन नंबर एचपी01-एच-0409, दिनेश कुमार ऑटो एचपी-55ए-0735, मुल्तान सिंह की सूमो कार नंबर एचपी-01एच-2911, सुरेश कुमार का ऑटो नंबर एचपी-55-9785, गौरव कुमार अल्टो नंबर एचपी-01एच-0647, बलवीर सिंह की वैन नंबर एचपी-55-6243 के शीशे भी तोड़ डाले हैं।
बाक्स: आखिर मौके पर क्यों नहीं पहुंची पुलिस?
हुड़दंगियों द्वारा वाहनों के शीशे तोड़ने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। लोगों ने रात करीब एक बजे नादौन पुलिस को दूरभाष के माध्यम से सूचना दी लेकिन इसके बावजूद पुलिस तुरंत मौके पर नहीं पहुंची। सोमवार सुबह करीब आठ बजे पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्यप्रणाली के प्रति रोष जताया है। सुजानपुर थाना के अंतर्गत पनाऊ में भी चोरी की घटना की सूचना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर नहीं पहुंची थी। ग्रामीणों ने रात को पुलिस को घटना की सूचना दी थी। जबकि पुलिस सुबह घटनास्थल पर पहुंची थी। उधर, एसपी जगत राम का कहना है कि पुलिस के मौके पर न पहुंचने के कारणों की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
