स्की विलेज के विरोध में अभियान छेड़ेंगे : विनोद

कुल्लू। मनाली की वादियों में 4200 बीघा भूमि पर प्रस्तावित स्की विलेज प्रोजेक्ट पर विश्व हिंदू परिषद तलख हो गई है। विहिप ने कहा कि देवभूमि के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री विनोद कुमार ने कुल्लू में कहा कि इसके लिए चाहे उन्हें आत्मदाह ही क्यों न करना पड़े। स्की विलेज पर छपी हिमालय ध्वनि नामक पत्रिका का विश्व हिंदू के नेताओं ने विमोचन किया। विनोद ने कहा कि मंडी लोकसभा उप चुनाव में कांग्रेस फोर्ड कंपनी का पैसा खर्च कर रही है। परिषद स्की विलेज के विरोध में गांव स्तर पर अभियान छेड़ें आंदोलन चलाएगी। बावजूद इसके कांग्रेस पीछे नहीं हटी तो विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता आत्मदाह भी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह काम कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के इशारों पर हो रहा है लेकिन विहिप ऐसा नहीं होने देगी। कांग्रेस सरकार पर्यावरण का दोहन करने में लगी है। स्की विलेज बनने से यहां की समृद्ध संस्कृति, मेले और त्योहारों का वजूद पूरी तरह से मिट जाएगा। उन्होंने हिलोपा प्रमुख महेश्वर सिंह पर निशाना साधा। कहा कि पूर्व में वह इसका विरोध कर रहे थे और अब इसी राह पर चल पड़े हैं। इस अवसर पर विहिप के जिला अध्यक्ष राहुल सोलंकी, मंडी संसदीय उप चुनाव के प्रभारी हरदीप ठाकुर तथा महिला वाहिनी की प्रांत संयोजिका रजनी ठुकराल उपस्थित रहीं।

Related posts