
कुल्लू। शहर के वार्ड सात के एक परिवार पर रविवार की रात कहर बनकर टूटी। रविवार रात करीब 1:30 बजे भारी बारिश के कारण झाबे राम के मकान की छत गिर गई। उस समय मकान में झाबे राम के परिवार के पांच सदस्य सो रहे थे। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
लोरन में झाबे राम और उसके परिवार के पांच सदस्य रविवार की रात को अपने घर में सोए हुए थे। इसी दौरान जोरदार आवाज हुई। उनके घर की छत का कुछ हिस्सा गिर गया। इसी बीच झाबे राम, उनकी पत्नी महंती देवी, बेटा शेरू, अश्वनी और बहू ममता घर से बाहर निकल आईं। उसी समय घर की पूरी छत गिर गई। झाबे राम ने बताया कि पहले मकान की छत का कुछ हिस्सा गिरा। घर के सभी सदस्य बाहर निकल गए। यदि पूरी छत एक साथ गिरती तो जानी नुकसान भी हो सकता था।
हादसे की सूचना मिलते ही नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष ऋषभ कालिया, कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार, वार्ड पार्षद केतकी देवी ने घटनास्थल का दौरा किया। नगर परिषद अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने बताया कि हादसे में करीब दो लाख के नुकसान का अनुमान है। नुकसान का आकलन करने के पटवारी को आदेश दिए गए हैं। पीड़ित परिवार को नगर परिषद की ओर से हरसंभव सहायता देने का प्रयास किया जाएगा।
