
ऊना। क्षेत्र के लोअर अरनियाला में तीन लोगों ने एक घर में घुस कर महिला से गाली-गलौज और उसके नौकर के साथ मारपीट की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सीमा सैणी पत्नी राजेंद्र सैणी निवासी लोअर अरनियाला ने शिकायत दर्ज करवाई कि रविवार देर सायं सुरेंद्र राणा, बलविंद्र और संजू उनके घर आए और उनके पति के बारे में पूछने लगे। आरोपियों ने महिला से कहा कि उनके पति ने उन लोगों से पासपोर्ट और वीजा के लिए पैसे लिए हैं, लेकिन उनका कोई काम नहीं किया है। महिला ने जब आरोपियों को अपने पति के बाहर जाने के संदर्भ में बताया तो उन्होंने महिला के साथ गाली-गलौज की, जबकि महिला के बचाव में आए उसके नौकर राकेश कुमार के साथ तीनों ने मारपीट कर दी। एसपी केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में आईपीसी की धारा 452, 323, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
