आनन फानन में भर दी कैश बुक

ऊना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल में हुए शीशम की लकड़ी के गोलमाल में स्कूल प्रशासन ने आनन फानन में कैश बुक काली कर दी है। जल्दबाजी में कई जगह मुहर भी उल्टी लगा दी है। जल्दबाजी में रसीदें भी तैयार कर दी गई हैं। शीशम की लकड़ी को खुर्द-बुर्द किए जाने के मामले में शिक्षा निदेशालय ने इस पर जांच बिठाई हुई है। राजकीय महाविद्यालय ऊना के प्राचार्य डा. एसके चावला मामले की जांच कर रहे हैं। चावला जांच रिपोर्ट शिक्षा निदेशालय को प्रेषित करेंगे। स्कूल प्रशासन ने आनन फानन में शीशम के पेड़ के चिरान की मजदूरी 3750 रुपये, आरा मशीन पर पेड़ को उठाने की मजदूरी 3000 रुपये दर्शाई है, जबकि पेड़ को आरा मशीन तक पहुंचाने तथा वहां से स्कूल तक वापस लाने का खर्चा 500 रुपये दर्शाया गया है। जांच अधिकारी इस बात का पता लगाने में लगे हैं कि क्या स्कूल परिसर से काटे गए शीशम के पेड़ से स्कूल के लिए वस्तुओं का निर्माण किया गया या नहीं। स्कूल प्रशासन ने जिन-जिन चीजों के निर्माण का दावा किया है वह लकड़ी के चिरान, ढुलाई के लिए चुकाई गई राशि के हिसाब से कम है। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है कि कैश बुक और रसीदें पहले तैयार की गईं या इन्हें बाद में तैयार किया गया। जांच अधिकारी डा. एसके चावला पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह जल्द जांच रिपोर्ट शिक्षा निदेशालय को प्रेषित करेंगे। उधर, शिक्षा उपनिदेशक निर्मल रानी ने कहा कि वह भी अपने स्तर पर पूरे प्रकरण पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि विद्या मंदिर में किसी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

Related posts