
कपूरथला: शिव सेना (बाल ठाकरे) की बैठक जिला व शहरी इकाई के वरिष्ठ नेताओं मनोज अरोड़ा व काला पंडित की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शिरोमणि अकाली दल (ब) विशेषकर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल द्वारा 1984 के दिल्ली दंगों में मारे गए लोगों व पंजाब में आतंकवादियों के हाथों शहीद हुए हजारों निर्दोष लोगों को एक जैसा न्याय व मान-सम्मान न देने का कड़ा नोटिस लिया गया।
इस मौके विशेष तौर पर उपस्थित हुए शिव सेना (बाल ठाकरे) पंजाब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीश कटारिया ने कहा कि एक तरफ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह द्वारा आप्रेशन ब्लू स्टार में मारे गए कथित आतंकवादियों का हरिमंदिर साहिब में स्मारक बनने के विरुद्ध अपना मुंह सही ढंग से न खोलना तथा वहीं दिल्ली में 1984 के सिख कत्लेआम स्मारक का नींव पत्थर रखने के मौके पर शिरोमणि अकाली दल (ब) के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि उनका मुख्य लक्ष्य हर हालत में बादल एंड कम्पनी को प्रसन्न रखना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को मुख्यमंत्री व उप-मुख्यमंत्री का दाना चुगने से बाज आना चाहिए। कटारिया ने चेतावनी दी कि भाजपा को निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए आतंकवादियों व खालिस्तान समर्थकों के विरुद्ध सीना तानकर लड़ रहे शूरवीरों व क्रांतिवीरों की राष्ट्रवादी भावनाओं से खेलने से गुरेज करना चाहिए।
इस मौके शिव सेना नेता मनोज अरोड़ा, काला पंडित व चरणजीत नागपाल ने कहा कि हिन्दू समाज ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि हिन्दुओं व हिन्दूत्व की सही रक्षक होने का दावा करने वाली भाजपा कुर्सी की अपनी भूख मिटाने के लिए आतंकवादियों व खालिस्तान समर्थकों के समक्ष घुटने टेकने वाले शिरोमणि अकाली दल (ब) के समक्ष नतमस्तक हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों की गोलियों व बमों से शहीद हुए भारत माता के महान सपूतों व दिल्ली के 1984 के दंगों में मारे गए लोगों के प्रति दोहरी नीति अपनाने का घिनौना कार्य मानवता के रास्ते से भटके हुए लोग ही कर सकते हैं।
