प्रॉपर्टी टैक्स लगाने की कड़ी निंदा

होशियारपुर: राष्ट्रीय विकास पार्टी के राज्य प्रधान भारत भूषण वर्मा ने पंजाब सरकार द्वारा राज्य में प्रॉपर्टी टैक्स लगाने के निर्णय की कड़ी निंदा की है। आज यहां जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में पार्टी प्रधान वर्मा व महासचिव दीपक सभ्रवाल ने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार ने राज्य के शहरी क्षेत्रों के लोगों को इस बात की सजा दी है कि लोगों ने उन्हें दूसरी बार सत्ता क्यों सौंपी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय अकाली-भाजपा गठजोड़ के कफन में अंतिम कील साबित होगा। राज्य के शहरी क्षेत्रों के लोग सरकार की इस जनविरोधी कार्रवाई का बदला आगामी लोकसभा चुनाव में उसे सत्ता से बाहर कर लेंगे। इस निर्णय से राज्य के शहरी क्षेत्रों के गरीब लोगों को अपने घर में रहने के लिए भी टैक्स अदा करना पड़ेगा। वर्मा ने कहा कि भाजपा जुबान से इस टैक्स का विरोध करके लोगों को मीठी गोली देती रही। उन्होंने कहा कि अकाली दल (ब) पंजाब में भाजपा का वही हाल करना चाहता है जो बिहार में नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली-भाजपा के राज्य में प्रॉपर्टी टैक्स लगाने के निर्णय का कांग्रेस द्वारा खुल कर विरोध न करना इस बात का संकेत है कि इस निर्णय का कांग्रेस भी अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि राष्ट्रीय विकास पार्टी विभिन्न संगठनों व लोगों के सहयोग से प्रॉपर्टी टैक्स के विरुद्ध सड़कों पर उतर कर सरकार को यह निर्णय वापस लेने के लिए विवश कर देगी।

Related posts