
चंडीगढ़: कालेज शिक्षा को मजबूत और एक समान बनाने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने राज्य के 3 विश्वविद्यालयों को अपनी शैक्षणिक गतिविधियों में उच्च शिक्षा विभाग से तालमेल करते हुए समानता लाने के लिए निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि बादल गत सायं अपने निवास पर 3 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक में शिक्षा मंत्री सिकंदर सिंह मलूका के अलावा पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला के कुलपति डा. जसपाल सिंह, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर के कुलपति डा. अजायब सिंह, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के कुलपति प्रो. अरुण कुमार ग्रोवर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने राज्य में डिप्लोमा स्तर पर भविष्य में अवसरों से भरपूर और रिवायती कुशलता आधारित शिक्षा के लिए कम्युनिटी कालेजों की स्थापना को स्वीकृति दी। जुलाई में नए सत्र से पायलट प्रोजैक्ट के तौर पर 4 कालेजों की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दी। कार्यक्रम में सरकारी महिंद्रा कालेज पटियाला, एस.डी.सी. सरकारी कालेज लुधियाना, मेहरचंद पॉलीटैक्निक जालंधर और सरकारी पॉलीटैक्निक कालेज भटिंडा शामिल हैं।
