
नादौन (हमीरपुर)। शहर के कई घरों में मटमैले पानी की आपूर्ति हो रही है। बरसात का मौसम शुरू होते ही आईपीएच विभाग की व्यवस्था डगमगाने लगी है। लोगों ने विभाग से समस्या से निजात दिलाने की मांग की लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों में संजय कुमार, मधुकर, तनुज, राजीव, दीपक, विनय, रिक्की, विवेक, सुनील, सोनू, नीरज कुमार, अजय कुमार, अतुल, राकेश आदि का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू होते ही उनके घरों में गंदले पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है। क्षेत्र में जलजनित रोगों के फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
लोगों का आरोप है कि नल से पेयजल आपूर्ति होने से करीब आधे घंटे तक मटमैले पानी की आपूर्ति होती है। हालांकि विभाग को समस्या के बारे कई बार अवगत करवाया गया है लेकिन लोग मटमैला पानी पीने को मजबूर है। लोगों की मानें तो बरसात के मौसम में खुले प्राकृतिक जल स्रोतों का पानी भी पीने योग्य नहीं है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को मजबूरन नलों से टपक रहा मटमैला पानी पीना पड़ रहा है। समस्या का समाधान न होने से लोगों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर रोष है। लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की कि शहर में स्वच्छ पेयजल की सप्लाई सुचारु की जाए। उधर, आईपीएच विभाग के एसडीओ उमेश डोगरा का कहना है कि बारिश के कारण दिक्कत हो सकती है, समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
