
ऊना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल में हुए गड़बड़झाले पर जांच बिठाए जाने से हड़कंप की स्थिति है। स्कूल में हुए दो-दो घपलों पर जांच बिठाई गई है। एक मामले के तहत दस जमा एक के वार्षिक परीक्षा परीक्षा परिणाम में गड़बड़ियों के आरोप हैं। हैरानी की बात यह है कि फेल बच्चों को पास दर्शाने और चार्ट में गड़बड़ी के आरोप स्कूल के ही एक प्रवक्ता ने लगाए हैं। इसकी शिकायत प्रधान सचिव शिक्षा, शिक्षा निदेशक, उपनिदेशक, शिक्षा बोर्ड धर्मशाला और एसपी ऊना से की है। शिक्षा निदेशक के आदेशों पर उपनिदेशक ने मामले पर जांच बिठाई है। दस जमा एक के परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी की जांच राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोह के प्राचार्य यशपाल सिंह को सौंपी गई है, जबकि स्कूल के आंगन में शीशम के पेड़ की लकड़ी के गोलमाल की जांच शिक्षा निदेशक के निर्देशों पर ऊना कालेज के प्राचार्य डा एसके चावला कर रहे हैं। पता चला है कि शुरुआती जांच में कई खुलासे हुए हैं। जोह स्कूल के प्राचार्य एवं जांच अधिकारी ने दो रोज पहले स्कूल में रिकार्ड को कब्जे में लेकर कुछ प्रवक्ताओं और शिक्षकों के बयान भी दर्ज किए हैं। सूत्र बताते हैं कि जांच में खुलासा हुआ है कि प्लस वन की 2012-13 की वार्षिक परीक्षा में अधिकतम कृपांक अंक 43 दिए गए। गणित विषय की उत्तर पुस्तिकाओं के कई पन्नों में लिखाई भी मेल नहीं खा रही है। इसी कक्षा के शैक्षणिक सत्र 2011-12 की वार्षिक परीक्षा में भी गड़बड़ी हुई है। दूसरी ओर शीशम की लकड़ी के गोलमाल में जांच अधिकारी डा. एसके चावला ने भी स्कूल का दौरा किया है।
आज सौंपेंगे जांच रिपोर्ट : यशपाल
दस जमा एक कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम में हुई गड़बड़ी की जांच कर रहे यशपाल सिंह ने कहा कि रिकार्ड को कब्जे में लेकर इसे स्कूल प्राचार्य के हवाले किया गया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को वह जांच रिपोर्ट शिक्षा उपनिदेशक को सौंप सकते हैं।
जल्द भेजेंगे जांच रिपोर्ट: चावला
स्कूल में हुए शीशम की लकड़ी के गोलमाल में नियुक्त किए गए जांच अधिकारी कालेज प्राचार्य डा. एसके चावला ने कहा कि उन्होंने स्कूल का दौरा किया है। स्कूल स्टाफ तथा कमेटी में शामिल कु छ लोगों से बात भी की है। उस पेड़ को भी देखा है, जिसे काटा गया। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे जांच रिपोर्ट शिक्षा निदेशक को प्रेषित करेंगे।
