औट-लुहरी राज्य मार्ग पर यातायात ठप

कुल्लू। बारिश के चलते 10281 फुट ऊंचे जलोड़ी दर्रा से गुजरने वाला औट-लुहरी राज्य मार्ग-11 पर यातायात बंद हो गया है। खनाग के पास पहाड़ी से हुए भूस्खलन के चलते कई बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे हैं। इस कारण औट-लुहरी मार्ग पर चलने वाली करीब एक दर्जन बसों की आवाजाही ठप हो गई है। वहीं आनी-रोहाचला मार्ग पर भी बस सेवा प्रभावित हुई है। शनिवार सुबह से बंद हुए मार्ग पर दोनों ओर वाहनाें की लंबी कतारें लगी रही। इसमें कुल्लू-जांओं, कुल्लूू-दलाश, कुल्लूू-रामपुर तथा कुल्लूू-बागीपुल तथा इन्हीं रूटों पर आनी से कुल्लू की ओर आने वाली बसों के पहिये जाम हो गए हैं। निगम ने सवारियों को ट्रांसमिशन के जरिये गंतव्य तक पहुंचा दिया है। लेकिन कुछ सवारियों को घर तक पहुंचने में भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
भूस्खलन से बंद हुए मार्ग से दर्जनों छोटी गाड़ियां भी घंटों फंसी रही। इसमें कुछ पर्यटक वाहनों के होने की भी सूचना थी। मार्ग के बंद होने की सूचना मिलने के बाद लोनिवि आनी ने मशीनरी मौके पर भेज कर छोटे वाहनों को तो निकाल दिया है लेकिन बड़े वाहनों के लिए मार्ग अभी बंद चल रहा है।
आरएम पवन कुमार शर्मा तथा अड्डा प्रभारी यशपाल ने औट-लुहरी मार्ग पर भूस्खलन होने से यातायात के प्रभावित होने की पुष्टि की है। वहीं लोनिवि आनी के सहायक अभियंता किशोरी लाल सुमन ने बताया कि औट-लुहरी-11 मार्ग नगान और खनाग के पास भूस्खलन से बंद हो गया है। छोटे वाहनों के लिए मार्ग को खोल दिया है। बड़े वाहनों की आवाजाही रविवार दोपहर तक बहाल कर दी जाएगी।

Related posts