
केलांग। सात महीने बाद रविवार को कुजुंम दर्रा वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो जाएगा। कड़ी मशक्कत के बाद सीमा सड़क संगठन ने ग्रांफू-काजा-समदो सामरिक मार्ग को खोलने जा रहा है। पिछले साल नवंबर माह में बर्फबारी के कारण कुंजुम दर्रा बंद हो गया था। आम लोगों के साथ ही पर्यटकों को काजा जाने के लिए बाया किन्नौर – शिमला होकर सफर करना पड़ रहा है।
बीआरओ के 108 आरसीसी के कमांडर एसके भंडारी ने दूरभाष पर विधायक रवि ठाकुर को बताया कि रविवार को कुंजम दर्रा बहाल किया जा रहा है। विधायक ने बताया कि कुंजम दर्रा के बहाल होने से आम लोगों के साथ ही पर्यटकों को राहत मिलेगी। विधायक ने बताया कि कमांडर ने समदो से उन्हें दूरभाष पर इसकी सूचना दी है। कुंजुम दर्रा बंद होने के कारण कई पर्यटक स्पीति घाटी की बुकिंग रद कर लेह की तरफ रवाना हो रहे हैं। अब ग्रांफू-काजा मार्ग बहाल होने के बाद स्पीति घाटी में पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कुंजुम दर्रा बहाल होने के बाद मनाली-काजा रूट पर एचआरटीसी की बस सेवा को भी शुरू किया जाएगा। केलांग डिपो के क्षेत्रिय प्रबंधक मंगलचंद मानेपा ने बताया कि बर्फबारी के कारण कुंजुम दर्रा नवंबर माह से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद चल रहा था।
