जिले में बारिश ने फिर बरपाया कहर

ऊना। जिले में एक बार फिर मूसलाधार बारिश ने जमकर कहर बरपाया। शुक्रवार देर रात से शुरू हुई बारिश का क्रम शनिवार देर शाम तक लगातार जारी रहा, जिससे जिला वासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते जिला मुख्यालय में कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जबकि कई खेत तालाब के रूप में तबदील हो गए। जिला मुख्यालय स्थित तहसील परिसर सहित कार्यालयों में पानी घुसने से कर्मचारियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मुख्यालय के फ्रेंड्स कालोनी, पुराना बस अड्डा, जस्सल मार्केट, लालसिंगी और झलेड़ा मार्केट में भी कई दुकानों और मकानों में बरसाती पानी भरने से लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं।
शुक्रवार देर रात से शुरू हुई भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी की निकासी के दावे हवा हो गए। पुराना बस अड्डा पर नाला ब्लॉकेज होने के चलते बरसाती पानी दुकानों एवं घरों में घुस गया। व्यापारिक प्रतिष्ठान एवं घर दो-दो फुट तक पानी में डूब गए। उधर, लालसिंगी में हाईवे निर्माण में जुटी कंपनी ने नाली बनाई, जो लोगों के लिए मुसीबत बन गई। पानी का ज्यादा बहाव होने के चलते साथ लगते घरों की नींव तक बाहर निकल गई हैं। लालसिंगी निवासी अमित सेंखडी व प्रेम कुमार ने बताया कि रोड प्रोजेक्ट की लापरवाही के चलते उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ा है। उधर जिले कई स्थानों में खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंताएं बढ़ गईं। मक्की बिजाई के लिए अब किसानों को एक सप्ताह का और इंतजार करना पड़ेगा। किसानों में गुरबख्श, अश्वनी गुलेरिया, रविंद्र जसवाल, जगमोहन जसवाल, भूपेंद्र ठाकुर, अजय कुमार, रामपाल सिंह व प्रीतम सिंह ने बताया कि भारी बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया है, जिससे अब खेतों की बुवाई के लिए और समय लगेगा। उन्होंने बताया कि यदि बारिश का क्रम इसी तरह जारी रहा तो मक्की की बिजाई के लिए और इंतजार करना पड़ सकता है। उधर, मौसम विभाग के कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा के मुताबिक आज भी मौसम खराब रहने की संभावना है।

Related posts