
आनी (कुल्लू)। आनी में बिजली के अघोषित कट लोगों के लिए आफत बन गए हैं। यहां दिन में पंद्रह से बीस बार कट लग रहे हैं। इसके चलते विद्युत संबंधी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। सबसे ज्यादा समस्या ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को हो रही है। बीएसएनएल सेवाएं प्रभावित होने से भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड से विद्युत व्यवस्था में शीघ्र सुधार करने की मांग की है।
आनी में बिजली की समस्या लंबे समय से है। कुमारसैन विद्युत सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाए जाने के बावजूद आनीवासियों को बिजली कटों से निजात नहीं मिल पाई है। विद्युत बोर्ड का दावा था कि सब स्टेशन की क्षमता बढ़ने से आनी पर लोड नहीं पड़ेगा और कट नहीं लगेंगे। लेकिन, इन दिनों दिन में 15 से 20 बार कट लग रहे हैं। बिजली के बार-बार गुल होने से बिजली से संबंधित कार्य प्रभावित होते हैं, तो वहीं टेलीफोन सेवा भी जवाब दे जाती है। बीएसएनएल टावरों का बैटरी बैकअप कम होने से बिजली जाने पर टावर काम करना बंद कर देते हैं।
स्थानीय निवासी संजय, देवेंद्र शर्मा, तोता राम ठाकुर, तरसेम कुमार, मोहर चंद तथा ताराचंद ने बिजली बोर्ड से मांग की है कि व्यवस्था में शीघ्र सुधार लाया जाए अन्यथा लोग सड़कों पर उतरकर विरोध करने से गुरेज नहीं करेंगे। बोर्ड के एसडीओ केएल शर्मा का कहना है कि इंस्टूलेटर की खराबी के कारण दिक्कत आ रही है। सेवा को दुरुस्त किया जा रहा है।
