
हमीरपुर। हमीरपुर में हाई रिस्क एरिया की कुल 28 साइट्स चिन्हित की गई हैं। इनमें 16 से 18 जून तक पोलियो अभियान शुरू किया जाएगा, ताकि प्रवासी बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा सके।
हमीरपुर में डब्लूएचओ कंसल्टेंट एवं एसएमओ (स्टेट एनपीएसपी) डा. जीपी द्विवेदी ने कहा कि राज्य स्तर पर सर्वे के दौरान हमीरपुर के टौणी देवी, बड़सर और नादौन ब्लाक हाई रिस्क एरिया घोषित किए गए हैं। प्रवासी बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने को स्वास्थ्य विभाग ने तीनों ब्लाकों में कुल 28 साइट्स चिन्हित की हैं। बड़सर में झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले प्रवासी लोगों की 15 साइट्स, टौणीदेवी में निर्माणाधीन भवनों की तीन साइट्स, नादौन में झुग्गी झोपड़ियों के प्रवासी लोगों की 8 साइट्स, घुमंतू लोगों की एक, ईंट भट्ठा की दो और दो निर्माणाधीन इमारतों की साइट्स चिन्हित की गई हैं। डा. द्विवेदी ने कहा कि जिला भर में कई ऐसी इमारतें भी होती हैं, जिनकी विभाग के पास जानकारी नहीं होती है। झुग्गी झोपड़ी बनाकर रह रहे प्रवासियों के बच्चों को पोलियो खुराक नहीं मिल पाती है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से अपील की है कि जिला में अधिक से अधिक निर्माणाधीन इमारतों की जानकारी जुटाई जाए और बच्चों को पोलियो ड्राप्स पिलाई जाएं। बैठक में एसएमओ डा. केसी चोपड़ा, डा. निखिल आहलुवालिया, डा. राकेश अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।
