उपनिदेशक कार्यालय पहुंची एसएमसी

ऊना। जिले के बडैहर गांव से राजकीय प्राथमिक पाठशाला की प्रबंधन समिति ने एक जेबीटी शिक्षक के तबादला आदेशों को रद करवाने के लिए उपनिदेशक कार्यालय में दस्तक दे डाली। उल्लेखनीय है कि उक्त एसएमसी इसी शिक्षक के तबादला आदेशों को रद करने के लिए तीसरी बार उपनिदेशक कार्यालय पहुंच गई है। स्कूल प्रबंधन समिति का कहना है कि उक्त शिक्षक कड़ी मेहनत और लगभन से स्कूल में विद्यार्थियों को पढ़ा रहा है। उनकी स्कूल के छात्रों को भी खासी जरूरत है। एसएमसी अध्यक्ष लाल चंद, बलविंद्र कौर, ओम प्रकाश, दिलबर कुमार, सुमन देवी, रजनी देवी, पंचायत प्रधान गुरवचनी देवी, उपप्रधान राकेश कुमार, सुभाष और अल्का ने बताया कि उक्त शिक्षक का तबादला कुछ असामाजिक तत्वों की ओर से करवाने के प्रयास किए गए हैं, जिन्हें वे कतई सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत स्कूलों से शिक्षकों को बदले जाने या न बदले जाने का अधिकार एसएमसी को भी दिया गया है। इसका प्रयोग करते हुए वह विभाग के अधिकारियों के पास तीसरी दफा पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यदि अभी भी अधिकारियों ने इस मामले में ढिलाई बरती तो वह प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से इस मामले की शिकायत करेंगे। उधर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक निर्मल रानी का कहना है कि इस मामले में शिक्षा निदेशालय को पत्र भेज दिया गया है। इसके जवाब का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग एसएमसी की भावनाओं की भी कद्र करता है। इसके चलते निदेशालय को पूरे मामले से अवगत करवा दिया गया है।

Related posts