
हमीरपुर। कालेज में प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए लागू नई व्यवस्था से छात्र दुविधा में हैं। प्रोस्पेक्टस बिकने के अनुपात में फार्म जमा करवाने वाले छात्रों की संख्या काफी कम है। हालांकि कालेज प्रबंधन ने छात्रों के मार्गदर्शन के लिए प्राध्यापकों की तैनाती की है, परंतु छात्रों को प्रक्रिया को समझने में समय लगेगा। प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया के पहले दो दिन में करीब पौने चार सौ प्रोस्पेक्टस बिके हैं, जिनमें से अभी केवल 40-45 छात्रों ने ही संबंधित कमेटियों के पास प्रवेश फार्म जमा करवाए हैं। रूसा के तहत बीए, बीएससी और बीकाम में सेमेस्टर सिस्टम लागू होगा, साल में दो बार सेमेस्टर के अंत में परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। प्रक्रिया के तहत छात्रों को 14 मेजर, 10 से 13 माइनर, 3 से 6 कंपल्सरी कोर्स और 1 से 3 जनरल इंटरेस्ट, हॉबी कोर्स उत्तीर्ण करने और न्यूनतम 120 क्रेडिट पूरे करने पर ही स्नातक की डिग्री मिलेगी।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय प्राचार्य पीसी पटियाल ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया केवल 19 जून को दोपहर 2 बजे तक चलेगी। प्रथम वर्ष के सभी छात्रों को अपने आवेदन फार्म भर कर संबंधित कमेटियों के पास जमा करवाने होंगे। इसके बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। छात्र कालेज प्रोस्पेक्टस के साथ कोर्स प्रोफोर्मा भर कर संबंधित कमेटियों के पास जमा करवाएं और दाखिले के लिए माता-पिता या अभिभावकों को अवश्य साथ लाएं। 20 जून दोपहर तक छात्रों की मेरिट लिस्ट कालेज नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर जारी की जाएगी। यदि छात्रों को कोई संशय या दुविधा होगी तो कालेज में संबंधित कमेटियों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
