
बिलासपुर। अंतर जिला सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले का दूसरा दिन खराब मौसम की भेंट चढ़ गया। लुहणू मैदान पर सिरमौर और बिलासपुर के बीच खेले जा रहे फाइनल मैच में वीरवार को दिन भर बारिश रहने की वजह से एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। मैच का नतीजा अब शुक्रवार के मौसम पर निर्भर करेगा।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही सिरमौर की टीम आठ विकेट के नुकसान पर 246 रन बना चुकी है। पहली बार फाइनल में पहुंचे बिलासपुर का लक्ष्य वीरवार सुबह सिरमौर के बाकी बचे दो बल्लेबाजों को जल्द आउट करके अपने होम ग्राउंड पर पहली पारी में बढ़त हासिल करना था, लेकिन दिन भर बारिश होने की वजह से दूसरे दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। क्रिकेट एसोसिएशन बिलासपुर के प्रवक्ता सोनल शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को मैच का आखिरी दिन है। मैच का नतीजा तभी निकल पाएगा, जब दोनों टीमों की कम से कम एक-एक पारी पूरी हो जाए। ऐसा न हो पाने की स्थिति में दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाएगा।
