पैट के समर्थन में आए प्राथमिक शिक्षक

घुमारवीं (बिलासपुर)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ प्राथमिक सहायक अध्यापकों (पैट) के समर्थन में लामबंद हो गया है। संघ ने आरोप लगाया है कि पहले पूर्व सरकार ने पैट से सौतेला व्यवहार किया। अब शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारी पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर अथवा पूर्व सरकार के इशारे पर पैट के मामले को सरकार के समक्ष गलत ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। संघ ने सरकार से पैट को अविलंब नियमित करने की मांग की है।
प्राथमिक शिक्षक संघ की घुमारवीं खंड एक इकाई अध्यक्ष रमेश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश शर्मा, महासचिव होशियार सिंह, कोषाध्यक्ष अनिल चौहान, मुख्य सलाहकार धर्मदास धीमान, जिला प्रतिनिधि नवीन कुमार व वरिष्ठ केंद्र मुख्य शिक्षक देवदत्त शर्मा ने कहा कि पैट की नियुक्ति ग्रामीण विद्या उपासकों की तर्ज पर हुई थी। पूर्व सरकार ने ग्रामीण विद्या उपासकों को अनुबंध शिक्षकों का दर्जा देने के बाद नियमित भी कर दिया, लेकिन नियमों के अनुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों से दो वर्ष का प्रशिक्षण पूरा कर चुके पैट के मामले में लगातार नए-नए बहाने बनाए जाते रहे। एक ओर पांच वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले अनुबंध शिक्षक नियमित किए जा रहे हैं, लेकिन 11 वर्ष से सेवाएं दे रहे पैट को तरसाया जा रहा है। संघ के नुमाइंदों ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारी मामले में सरकार को गुमराह कर रहे हैं। वे या तो पूर्वाग्रह से ग्रसित हैं या फिर पूर्व सरकार के इशारे पर ऐसा कर रहे हैं। लंबे अरसे से भेदभाव का शिकार हो रहे पैट की सारी उम्मीदें मौजूदा सरकार पर टिकी हैं। उन्होंने वीरभद्र सरकार से आग्रह किया कि ग्रामीण विद्या उपासकों की तर्ज पर पैट को भी नियमितीकरण का तोहफा देकर उनसे न्याय किया जाए।

Related posts