
ऊना। आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने बुधवार देर रात पंडोगा में बिना बिल ले जाई जा रही सोने और चांदी की बड़ी खेप पकड़ी है। विभागीय टीम ने माल ले जा रहे लोगों से मौके पर ही लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये जुर्माना वसूल कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ लोग बुधवार देर रात लगभग साढ़े 12 बजे एक वाहन में लगभग 20 तोले सोना और लगभग 58 हजार रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात लेकर पंजाब के होशियारपुर से हिमाचल के हमीरपुर जा रहे थे। इसी दौरान आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने कराधान अधिकारी विशाल गोरला और निरीक्षक प्रदीप कुमार की अगुवाई में पंडोगा में उक्त वाहन को रोका और उसकी तलाशी आरंभ कर दी। ईटीओ विशाल गोरला की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई के दौरान गाड़ी में से लगभग 20 तोले सोना और लगभग तीन किलो ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। गाड़ी में सवार लोगों से उक्त चांदी के संदर्भ में दस्तावेज मांगे जाने पर वह कुछ नहीं दिखा पाए। इसके चलते विभागीय टीम ने उक्त लोगों को लगभग एक लाख 60 हजार रुपये जुर्माना ठोक दिया। सप्ताह के अंदर बिना बिल आभूषण और सोना चांदी पकड़े जाने का यह दूसरा मामला सामने आया है। रविवार रात को भी विभाग की इसी टीम ने लगभग छह किलो 400 ग्राम चांदी बरामद की थी। इसके चलते विभागीय टीम ने उक्त लोगों को लगभग 70 हजार 400 रुपये जुर्माना ठोक दिया था।
