बड़ा में बिजली गिरने से दर्जनों उपकरण खराब

नादौन/बड़ा (हमीरपुर)। उपमंडल की ग्राम पंचायत बड़ा में आसमानी बिजली गिरने के कारण दर्जनों विद्युत उपकरण खराब हो गए हैं। करीब आधा दर्जन परिवारों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। लोगों की शिकायत पर प्रशासन ने नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं जिसके आधार पर आगामी निर्णय लिया जाएगा। घटना के बाद से ग्रामीण भी दहशत में हैं।
मंगलवार देर शाम बड़ा पंचायत के गांव कल्लर तथा दोबड़ कलां में गिरी बिजली से लगभग 10 टीवी, दर्जन भर पंखे, टयूब लाइट तथा 10 केबल एंपलीफायर खराब हो गए। लोगों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। दोबड़ कलां गांव के प्यार चंद धीमान का एक टीवी, दो पंखे, गांव के नरेश कुमार की दो ट्यूब लाइट खराब हो गई हैं। कल्लर गांव के मान चंद का एक टीवी, पिंकू का एक टीवी, ब्रह्मदास के दो टीवी, सुरेश कुमार का एक टीवी तथा कुलवंत का एक पंखा खराब हो गया है। कल्लर गांव में केेबल टीवी सेवाएं दे रहे संजीव चौधरी के 10 केबल एंपलीफायर खराब हुए हैं। क्षेत्र में केबल प्रसारण पूरी तरह से बंद पड़ा है। लोगाे ने प्रशासन से मांग की कि उन्हें सरकार की ओर से तत्काल राहत पहुंचाई जाए।
ग्राम पंचायत बड़ा के उपप्रधान अशोक सनौरिया ने प्रभावित परिवारों के हुए नुकसान का घटना स्थल पर पहुंच कर जायजा लिया तथा लोगों को आश्वासन दिलाया कि प्रभावित परिवारों को राहत राशि देने के लिए मामले को सरकार, प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा। उधर एसडीएम नादौन बलबीर ठाकुर ने बताया कि हल्का पटवारी को नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए गए हैं।

Related posts