मकान की ग्रिल गिरी, पांच लोग जख्मी

नंगड़ा (ऊना)। क्षेत्र के जनकौर में मंगलवार देर शाम चल रहे धार्मिक कार्यक्रम के दौरान खाना खा रहे लोगों पर लोहे की ग्रिल आ गिरी। हादसे में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलाें को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। एक को नाजुक हालत के चलते मंगलवार देर रात ही पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना के संदर्भ में पुलिस को कोई शिकायत नहीं की गई है। लिहाजा एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकी है। ग्राम पंचायत उपप्रधान जगदेव सिंह ने बताया कि जनकौर में मंगलवार शाम किसी के घर में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था। जहां बारिश से बचने के लिए मकान की ग्रिल के साथ तिरपाल बांध कर समारोह में भाग लेने वाले लोगों को बिठाया गया था। जब देर रात लोग तिरपाल के नीचे बैठकर खाना खा रहे थे तो इसमें भरे बारिश के पानी के कारण ग्रिल पर अत्यधिक दबाव बढ़ गया और एक जंगला नीचे आ गिरा। हादसे में एक महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया। इनमें से हरनाम सिंह को नाजुक हालत के चलते तुरंत पीजीआई रेफर कर दिया गया है। महिला सहित अन्य चार घायलों की हालत में पहले से काफी सुधार है। उधर, ऊना थाना के प्रभारी केएल बैरी ने बताया कि घटना के संदर्भ में सूचना मिली है। लेकिन, किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। जिसके चलते मामला दर्ज नहीं किया गया है।

Related posts