करोड़ों के नुकसान का जायजा लेगी टीम

कुल्लू। बरसात में हुए करोड़ों रुपये के नुकसान का जायजा लेने के लिए जल्द ही केंद्रीय राहत सर्वेक्षण टीम कुल्लू में दस्तक देगी। वर्ष 2012 में बरसात के दौरान बारिश, भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने से किसानों तथा सरकारी महकमों को भारी नुकसान हुआ था। नुकसान का जायजा लेने के लिए यह टीम 11 दिसंबर को कुल्लू पहुंच रही है। 12 दिसंबर को केंद्रीय राहत सर्वेक्षण टीम जिला का दौरा करेगी। इस दौरान टीम बादल फटने के कारण हुई बड़ी घटनाओं का घटना स्थल पर जाकर सर्वेक्षण करेगी।
अन्य घटनाओं की रिपोर्ट विभिन्न विभागों और प्रशासन से एकत्रित की जाएगी। डीसी कुल्लू अमनदीप गर्ग ने बताया कि जिला में बरसात के दिनों में वर्ष 2012 में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय राहत सर्वेक्षण टीम 11 दिसंबर को कुल्लू पहुंचेगी। 12 दिसंबर को टीम जिला में बरसात के दिनों में हुई कुछ घटनाओं का घटना स्थल पर जाकर निरीक्षण करेगी। इसके बाद केंद्रीय राहत सर्वेक्षण टीम प्रदेश के अन्य जिला में भी नुकसान का जायजा लेगी।
अमनदीप गर्ग ने बताया कि केंद्रीय राहत सर्वेक्षण टीम को मुख्य रूप से लोक निर्माण विभाग, आईपीएच और विद्युत बोर्ड को हुए नुकसान की लिखित रिपोर्ट सौंपी जाएगी। जिला में बरसात के दिनों में मनाली के बाहंग में बादल फटने से काफी नुकसान हुआ था। इस घटना में एक पुल भी बह गया था। घटना में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ था। इसके अलावा बरसात के दिनों में भू स्खलन के कारण आनी औट लूहरी मार्ग करीब तीन महीने तक बंद रहा था। एडीएम कुल्लू केके सरोच ने बताया कि जिला प्रशासन ने इस बारे में तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन और विभिन्न विभागों ने केंद्रीय टीम को दी जाने वाली रिपोर्ट को पूरी तरह से तैयार कर दिया है।

Related posts