दरशोक सिंह को एनजीओ नादौन की कमान

नादौन (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ नादौन खंड इकाई के चुनाव प्रक्रिया में विजेता का फैसला मतदान से हुआ। अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति न बन पाने के कारण मतदान करवाने का निर्णय लिया गया जिसमें कर्मचारियों ने दरशोक सिंह उर्फ टोनी के नेतृत्व में आस्था व्यक्त की। टोनी ने खंड के पूर्व अध्यक्ष बलदेव प्रकाश मंडयाल को शिकस्त दी।
चुनाव अधिकारी मनोहर लाल कानूनगो, सहायक चुनाव अधिकारी शम्भू राम जसवाल की देखरेख तथा कार्यकारी जिला अध्यक्ष मानचंद राणा की उपस्थिति में चुनाव प्रक्रिया रैन बसेरा भवन में पूरी की गई। अध्यक्ष पद के लिए किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पाई। दो प्रमुख दावेदार दरशोक सिंह उर्फ टोनी, पूर्व प्रधान बलदेव प्रकाश मंडयाल आमने सामने थे। इसमें दरशोक सिंह ने मंडयाल को 61 मतों से पराजित किया। प्रधान पद के लिए मतदान में बलदेव प्रकाश मंडयाल को 76 मत पडे़, जबकि दरशोक सिंह उर्फ टोनी को 137 मत हासिल हुए। इसके अतिरिक्त सर्वसम्मति से कश्मीर सिंह को महासचिव, हरविंद्र परमार को वरिष्ठ उपप्रधान, अमिता सूद तथा विपन कुमार को उपप्रधान चुन लिया गया।
चुनाव के पश्चात सभी चुने हुए कर्मचारी प्रतिनिधियों को मनोहर लाल कानूनगो चुनाव अधिकारी ने पद, गोपनीयता की शपथ दिलाई। जिला महासचिव संजीव प्रभाकर, प्रदेश संयुक्त सचिव राजेश धीमान, वित्त सचिव मनोहर लाल, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र ठाकुर, बिहारी लाल, अतिरिक्त महासचिव रूप लाल बसरा, सिटी यूनिट के प्रधान ओपी ठाकुर, अतिरिक्त महासचिव पवन बनयाल, चतुर्थ श्रेणी महासंघ के प्रधान कुलदीप चंद, सुरजीत सिंह, नादौन खंड कार्यकारिणी में मनोहर लाल, अंजलि शर्मा, विक्रमजीत सिंह, विजय कुमार, विक्रम ठाकुर, नादौन खंड के पूर्व प्रधान रविन्द्र परमार, पूर्व उपप्रधान अश्वनी कुमार, विपन प्रकाश, रछपाल पटवारी, राहुल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। मानचंद राणा ने सहयोग के लिए सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

Related posts