
टौणीदेवी (हमीरपुर)। स्वास्थ्य विभाग ने स्कूली छात्रों, उनके अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर दी है। कुत्ते-सांप के काटने पर पूरा इलाज अब मुफ्त में होगा तथा कमजोर नजर वाले छात्र को नजर की ऐनकें लगवाने के लिए चार सौ रुपए प्रति छात्र प्रदान किए जाएंगे जिससे अच्छी किस्म के चश्में लगवा सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने अधिक से अधिक छात्रों को लाभान्वित करने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग, सरकार छात्रों की सेहत पर चिंतित है तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए मुख्यमंत्री विद्यार्थी योजना चलाई जा रही है। छात्रों की बीमारियों की जांच के साथ ही इलाज की अन्य सुविधाएं भी मिलेगी। योजना में कुछ आंशिक फेरबदल भी किया गया है। पहले छात्रों को स्वास्थ्य जांच के बाद नजर के चश्मे उपलब्ध करवाए जाते थे लेकिन अब छात्रों को चार सौ रुपए प्रति छात्र प्रदान किए जाएंगे। खंड चिकित्सा अधिकारी टौणीदेवी के स्वास्थ्य शिक्षक सतीश शुक्ला ने इसकी पुष्टि की। स्कूलों में छात्रों की आंखों की जांच की जाती है तथा कमजोर नजर वाले छात्रों को चिंहित कर ऐनकें वितरित की जाती थीं लेकिन सरकार ने संशोधन करते हुए प्रति छात्र को चार सौ रुपए देने का प्रावधान किया है तथा यह उनके खाते में जमा होगा। इसी तरह से योजना में नई पहल भी की गई है जिसके तहत कुत्ते व सांप के काटने पर स्कूली छात्रों को मुफ्त इलाज सरकारी अस्पतालों में किया जाएगा। छात्रों को स्कूल मुखिया से लिखित प्रमाण लाना होगा कि छात्र को स्कूल टाइम के दौरान ही कुत्ते या सांप ने काटा है। खंड चिकित्सा अधिकारी डा. आरके अगिभनहोत्री ने पुष्टि की। कहा कि छात्रों के स्वास्थ्य जांच का कार्यक्रम तेजी से चलाया जाएगा। पहले भी खंड स्तर पर बेहतर प्रयास हुए हैं।
