नादौन अस्पताल में अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञ नहीं

नादौन (हमीरपुर)। नादौन अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन तो है लेकिन विशेषज्ञ की तैनाती करना शायद विभाग भूल गया है। ऐसे में लोगों को अल्ट्रासाउंड करवाने को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। रोगियों को आर्थिक नुकसान के साथ साथ मानसिक परेशानी से भी जूझना पड़ रहा है।
रोगियों एवं तीमारदारों में प्यार चंद, पंकज कुमार, वेद प्रकाश, राजू, रमेश, राजेश, रोहित, बलवंत, बलबीर, रामचंद, बिशनदास, कृष्ण लाल, यशपाल, मदन लाल, सुदर्शन कुमार, विनोद कुमार, सोनू, सुनील कुमार आदि का कहना है कि नादौन अस्पताल में केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह के प्रयासों से अल्ट्रासाउंड मशीन तो स्थापित कर दी गई है लेकिन शायद विभाग विशेषज्ञ की तैनाती करना भूल गया है, जिस कारण लाखों की लागत से रखी गई मशीन अनुपयोगी साबित हो रही है। विशेषज्ञ की तैनाती न होने से क्षेत्र के लोगों को क्षेत्रीय अस्पताल दौड़ना पड़ रहा है।
रोगी निजी क्लीनिकों में अल्ट्रासाउंड करवा रहे हैं जिसके उन्हें भारी भरकम दाम चुकाने पड़ते हैं। समस्या विभाग के समक्ष उठाने के बावजूद विभाग नादौन में विशेषज्ञ की तैैनाती नहीं कर पाया है। लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री से मांग की कि नादौन अस्पताल में अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञ की तैनाती की जाए जिससे रोगियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उधर बीएमओ नादौन डा. अशोक कौशल का कहना है कि विशेषज्ञ की तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है। सरकार के आदेशानुसार पद को भरा जाएगा।

Related posts