दुकान पर कब्जे को लेकर लगाया जाम

ऊना। शहर में सोमवार देर रात एक दुकान पर कब्जे को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। जिसके चलते एक गुट ने दुकान के आगे धरना दे दिया और दूसरे ने चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे को पूरी तरह जाम कर डाला। डेढ़ घंटे तक मुसाफिर परेशान होते रहे। उग्र रूप से हो रही नारेबाजी के बीच तनावपूर्ण स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ गया। जबकि, एएसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा और एसएचओ केएल बैरी को खुद मौके पर पहुंच स्थिति संभालनी पड़ी। हालत ऐसी थी कि एक बार तो पूरा शहर पुलिस छावनी में तबदील हो गया। मामले को गंभीर होते देख जिला के अन्य नजदीकी थानों और चौकियों से भी पुलिस बल को बुला लिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शहर के पुराना बस स्टैंड में सोमवार मध्य रात्रि एक दुकान पर कब्जे को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। इस दौरान एक गुट के लोगों ने उस पर मालिकाना हक बताते हुए ताला जड़ डाला और उसके आगे धरना देकर बैठ गए। वहीं, दुकान का सारा सामान बाहर निकाल दिया गया। व्यापारी के समर्थन में उसके परिजनों सहित नगर परिषद के जनप्रतिनिधि और अन्य कारोबारी मौके पर आ पहुंचे। जिसके चलते स्थिति और भी भयावह हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। दुकान पर तालेबंदी के बाद भड़के कारोबारी और उनके समर्थकों ने चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया और नारेबाजी आरंभ कर दी। उधर, दूसरे गुट के लोग भी एक कदम पीछे हटने को तैयार नहीं थे। एएसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर, डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा और एसएचओ केएल बैरी भी दर्जनों पुलिस जवानों को साथ लेकर मौके पर पहुंच गए। दुकान पर कब्जे को लेकर महिलाओं सहित कुछ लोग दुकान के शटर के आगे बैठ गए। एक पक्ष दुकान का ताला खुलवाने की मांग को लेकर सड़क पर बैठा था तो दूसरा कब्जे को लेकर दुकान के आगे बैठा था। वहीं, दुकानदार के पक्ष में उमड़ी भीड़ को देखकर पुलिस दुकान के आगे बैठे 5 पुरुषों और 4 महिलाओं को थाने ले गई। उनके खिलाफ आईपीसी धारा 107, 51 के तहत मामला दर्ज किया गया। महिलाओं को बाद में छोड़ दिया गया, जबकि पुरुषों को हिरासत में रखा गया है। दूसरी तरफ पुलिस ने सड़क जाम करने वालों पर भी केस दर्ज कर लिया है।
डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस इस मामले में तथ्यों की पड़ताल कर रही है। स्थिति तनावपूर्ण होने पर जिला के दूसरे थानों एवं चौकियों की पुलिस भी बुलाई गई थी। पुलिस ने जाम करने वालों सहित दुकान के आगे बैठे व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जाएगी।

Related posts