
ऊना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती रक्कड़ कालोनी में सोमवार देर रात 132 केवी सब स्टेशन फेल हो गया। नतीजतन जिला मुख्यालय सहित आसपास की दर्जनों पंचायतों में रात भर बिजली गुल रही। भयंकर गर्मी और उमस के बीच रात-रात भर चल रहे बिजली कटों ने ऊना के लोगों को रुला कर रख दिया है। लेकिन, बिजली बोर्ड को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। रात भर गुल रही बत्ती के बीच हजारों लोग बुरी तरह बेदम नजर आए। लोगों को छोटे-छोटे बच्चों को गर्मी और मच्छरों से बचाने के लिए छतों पर घूमना पड़ा। बिजली बोर्ड के इन अघोषित विद्युत कटों के कारण हजारों लोग परेशान हैं। मामले को लेकर लोगों में विद्युत बोर्ड के खिलाफ गुस्सा भड़क उठा है।
क्षेत्र के बाशिंदों में सुरेश कुमार, तरसेम शर्मा, तिलक राज, श्रेष्ठा देवी, चित्रा रानी, संदीप कुमार, अजय ठाकुर, वीना रानी, मनमोहन शर्मा, नरेश कुमारी, सुनीता कुमार और प्रवीण कुमार ने बताया कि बिजली कटों के कारण उन्हें बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार की रात बिजली न होने के कारण उन्हें रात जाग कर गुजारनी पड़ गई। जबकि, छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ गया। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड की कार्यप्रणाली को सुधारने के लिए प्रदेश सरकार को कठोर कदम उठाने चाहिए। जिससे लोगों को राहत मिल सके। यदि हालत नहीं सुधरे तो बोर्ड के अधीक्षण अभियंता सहित अन्य अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। उधर, बोर्ड के अधीक्षण अभियंता आरबी मेहता का कहना है कि इस संदर्भ में ट्रांसमिशन विंग के अधिकारियों से ही जानकारी मिल सकती है। उन्हेें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
