
ऊना। हरोली मुख्यालय के समीपवर्ती एक गांव से महिला और उसकी पुत्री संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई हैं। उनके परिजनों ने घटना के संदर्भ में हरोली थाने में शिकायत देते हुए उन्हें खोजने की गुहार लगाई है। जबकि, पुलिस ने मामले के संदर्भ में तहकीकात आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत निवासी व्यक्ति ने हरोली थाने में शिकायत की है कि उसकी बहू और पोती सोमवार को जंगल से लकड़ियां लेने गई थीं। लेकिन, वे वापस नहीं पहुंची हैं। बुजुर्ग ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर दोनों को खोजने का काफी प्रयास किया है, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है कि गुमशुदा महिला की उम्र 40 वर्ष है, जबकि उसकी पुत्र की आयु 17 वर्ष है। वहीं उसने एक व्यक्ति पर संदेह जताते हुए उन्हें बलपूर्वक अपने घर ले जाने का भी आरोप जड़ा है। जिसके संदर्भ में उन्हें खोजबीन के दौरान ही जानकारी हासिल हुई है। उधर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। बुजुर्ग की ओर से जताए गए संदेह के आधार पर पुलिस की एक टीम को फौरन उक्त स्थान के लिए रवाना कर दिया गया है। छानबीन शुरू कर दी गई है, जल्द ही मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।
