
सलौणी (हमीरपुर)। उपमंडल के मैहरे बाजार में एक व्यक्ति ने चालाकी से एटीएम कार्ड बदलकर 25 हजार रुपए की नकदी एटीएम से निकाल ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है। शातिर ने सलौणी बाजार के एटीएम से पैसे निकाले।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार टिप्पर निवासी विक्रमजीत सिंह पुत्र त्रिलोक चंद ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसका बेटा अंकित शर्मा सोमवार शाम करीब तीन बजे मैहरे बाजार में पैसे निकालने गया। एक एटीएम में जाकर अंकित शर्मा पैसे निकालने लगा। इस दौरान एटीएम मशीन के पास एक अंजान व्यक्ति भी आ गया और पिन कोड डालते हुए देख लिया। तत्पश्चात अंकित का एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। अंकित ने मशीन से एटीएम कार्ड निकालने की कोशिश की लेकिन एटीएम कार्ड नहीं निकाल सका। साथ खड़े अंजान व्यक्ति ने अंकित का एटीएम कार्ड निकाला लेकिन बड़ी चतुराई से व्यक्ति ने एटीएम कार्ड बदल लिया। यही नहीं व्यक्ति ने मैहरे से सलौणी कस्बे में पहुंचकर यहां स्थित एक बैंक शाखा की एटीएम मशीन से 25 हजार रुपए की नकदी निकाल ली। अंकित को एटीएम कार्ड को देखकर संशय हुआ तो संबंधित बैंक के मैनेजर के पास गया। मैनेजर ने खाता देखकर बताया कि उसके खाते से 25 हजार रुपए का निकासी सोमवार करीब पांच बजे सलौणी स्थित एटीएम मशीन से हुई है।
उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम का कहना है कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि दूसरे व्यक्ति के सामने अपने एटीएम कार्ड का प्रयोग न करें।
