
बंगाणा (उना)। उपमंडल बंगाणा की 17 पंचायतों के कई गंावों के लोग पानी की बूंद बूंद को तरस गए हैं। चमियाड़ी ,खेड़ी, डोलू, पिपलू, हेरू, नलूट, डडियार हरिजन बस्ती, कैहलवीं, घटटी, ननावीं मुहम्मद वस्ती, ननावीं, धुंधला, बंगाणा चवराणी, थानाकलां सहित कई गांवों के लोगों को पेयजल के भटकना पड़ रहा है। पुनीत कुमार, राकेश कुमार, प्रकाश चंद, पवन देव, दीपक कुमार, पिरथी चंद, विजय कुमार, मज्जीद, सलीम, असलम खान, मोहित कुमार, रोशन लाल, जनक राज, अमित कुमार, सरवण सिंह, राज कुमार, कर्ण ठाकुर, दीन दयाल, अमर सिंह, सुनील कुमार, महेंद्र कुमार तथा अजीत कुमार ने बताया कि हर साल गर्मियों में उन्हें पेयजल संकट से जूझना पड़ता है। लोगों के मुताबिक करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई तुतडू-कोहडरा पेयजल योजना भी समस्या से निजात दिला पाने में फेल हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया जा चुका है। बावजूद विभाग की ओर से कोई पुख्ता हल नहीं निकाला गया।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का हल न निकला, तो आने वाले दिनों में उन्हें प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ेगा। उधर, बंगाणा महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि पिछले 20-25 दिनों से कालेज में पीने के पानी की बूंद भी नहीं टपक रही है। आईपीएच विभाग उपमंडल बंगाणा के एसडीओ गणेश दत्त शर्मा ने बताया कि कुटलैहड़ क्षेत्र की कई पंचायतों में विभाग ने पानी की सप्लाई को सुचारु रूप से शुरू कर दिया है, बाकी क्षेत्रों में विभाग के अधिकारी पहुंचकर समस्या के कारणों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। समस्या का जल्द समाधान होगा।
